हेलमेट ने बचाई जान, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, उप कोषालय का कर्मचारी घायल

 शेरगढ़ कस्बे के निकट मेगा हाइवे पर ट्रक की टक्कर से उप कोषालय शेरगढ़ का एक कर्मचारी घायल हो गया। उपकोषालय शेरगढ़ के कम्प्यूटर ऑपरेटर रामूराम पुत्र लालाराम मेघवाल निवासी सोहनगढ़ (देवीगढ़) शनिवार को शाम करीब 7 बजे शेरगढ़ से अपने घर जा रहे थे कि इस दौरान अंबेडकर सर्किल के निकट एक होटल के पास खड़ा एक ट्रक मेगा हाइवे पर चढ़ रहा था। उस दौरान मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। उनके एक पैर में फैक्चर हो गया है। गनीमत रही कि उनके हेलमेट पहना होने से जान बच गई। आसपास के लोगों ने दाैड़कर उन्हें संभाला और तत्काल शेरगढ़ के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्साकर्मियों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद एंबुलेंस 108 से जोधपुर रेफर कर दिया। उन्हें जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां तबीयत में सुधार बताया जा रहा है। इधर, हादसे की सूचना के बाद शेरगढ़ पुलिस थाने के एएसआई धनाराम घटनास्थल पर पहुंचे व ट्रक को बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।